पीड़ितों की समस्याओं का मौके पर समाधान कराने वाले एडिशनल एसपी कमलेश कुमार खरपुसे को मिला रुस्तमजी अवार्ड
रायसेन। रायसेन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे को पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा वर्ष 2024 के प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें उत्कृष्ट पुलिस सेवा और उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘विशिष्ट’ श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान के तहत उन्हें प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।
वर्ष 2008 बैच के अधिकारी कमलेश कुमार खरपुसे वर्तमान में रायसेन जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे भिंड जिले में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। रायसेन में उनका कार्यकाल ढाई वर्ष से अधिक का हो चुका है।
खरपुसे अपनी सहज और जनहितैषी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वे प्रतिदिन कार्यालय में आने वाले पीड़ितों और फरियादियों की समस्याएं सुनते हैं तथा मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारी और अधिकारियों से संपर्क कर उनके निराकरण के प्रयास करते हैं। जिले के कई संवेदनशील मामलों को भी उन्होंने सूझबूझ और बेहतर समन्वय के साथ सुलझाया है।

के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार पुलिस विभाग का एक प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है, जो असाधारण साहस, उत्कृष्ट सेवा और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है। यह सम्मान ‘परम विशिष्ट’, ‘अति विशिष्ट’ और ‘विशिष्ट’ श्रेणियों में दिया जाता है।
रुस्तमजी पुरस्कार मिलने पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और जिलेवासियों ने एडिशनल एसपी कमलेश कुमार खरपुसे को बधाई देते हुए इसे रायसेन जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।