शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था , लेकिन आज हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।।
दोपहर बाद आसमान में काले बादल छाने लगे। इसके कुछ देर बाद तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जबकि कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से सड़कों पर पानी भर गया।
वही किसानों का कहना है कि एक बाद अच्छी झमाझम बारिश हो जाए तो खेतों में नमी बढ़ाने के साथ आगामी फसलों की तैयारी के लिए लाभदायक साबित होगी।शाम के समय शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम खुशनुमा बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने तथा आंधी-तूफान के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है।