शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
तहसील में 200 स्थानों से ज्यादा नरवाई जलाने की घटनाएं होने पर लाखों के नुकसान के बाद भी प्रशासन द्वारा प्रतिबंध नहीं लगाना , कई सवालों को जन्म देता है।आए दिन कहीं ना कहीं नरवाई जलाने की घटनाओं से अब नगरपालिका का दमकल अमला भी परेशान हो गया है।
फायर बिग्रेड विभाग कर्मचारियों की रात- दिन की मशक्कत ने अब उन्हें थका दिया है। अब इन कर्मचारियों में भी प्रशासन के प्रति गुस्सा है कि नरवाई जलाने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
ग्राम मरखेड़ा टप्पा में खेत की नरवाई में लगी आग फैलते -फैलते खेत के उस स्थान तक पहुंच गई जहां पर किसान वीरेंद्र भार्गव के कृषि सिंचाई पाइप की लाइन बिछी हुई थी।आग इतनी तेजी से बढ़ी कि करीब 3 लाख रुपए की सिंचाई पाइप लाइन को अपनी चपेट में ले लिया और पाइप पूरी तरह जलकर खत्म हो गए।
पीड़ित किसान वीरेंद्र भार्गव ने बताया कि उनके खेत के कुछ दूर पर एक खेत में नरवाई जल रही थी। जिसकी आग फैलते हुए उनके खेत तक आ पहुंची और पूरी सिंचाई पाइप लाइन को अपनी चपेट में ले लिया।घटना की जानकारी लगते ही एसडीएम सौरभ मिश्रा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे जायजा लिए जाने के बाद पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने के लिए आश्वासन दिया।