– केशली, सहजपुर क्षेत्र के खेतों में भड़की आग
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के केशली, सहजपुर क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात खेतों में रखी नरवाई में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दूर-दूर तक लपटें दिखाई देने लगीं। आग की भयावहता को देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले धधकती आग को देखा और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग तेजी से फैलती तो आसपास के खेतों के साथ निकटवर्ती गांव भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

गर्मी के मौसम और सूखी नरवाई के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रहती है। प्रशासन ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों में नरवाई न जलाएं तथा आग लगने की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।