मुरम डालकर दो दिन पहले भरा था गड्ढा, फिर उभर आया, अब तक 14 से ज्यादा बाइक चालक हो चुके घायल
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर सड़क के गहरे और चौड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। शनिवार देर रात कुलहड़िया के पास एक गड्ढे में बाइक का पहिया आने से चालक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। खास बात यह है कि जिस गड्ढे में हादसा हुआ, इसी गड्ढे को कुछ दिन पहले ग्रामीण और रहागीरों ने पत्थर रखकर उसमें कांटे डाल दिए थे ताकि वाहन चालक इस गड्ढे से सतर्क हो सके। इसके बाद गड्ढे को
एमपी आरडीसी द्वारा महज दो दिन पहले मुरम डालकर भरा गया था, लेकिन बारिश और वाहनों की आवाजाही के बाद गड्ढा दोबारा उभर आया। जिसमें बाइक चालक गिर गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 7:30 बजे सागर ठाकुर सांची से कान्हा सहहिया काम करने जा रहे थे। कुलहड़िया के पास हाईवे पर बने करीब दो फीट गहरे और डेढ़ फीट चौड़े गड्ढे में उनकी बाइक का पहिया चला गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और सागर ठाकुर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें उठाकर सुखी सेवनिया बाईपास स्थित लीलावती हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनके पैर में फ्रैक्चर बताया।

तीन दिन में चार बाइक चालक हुए हादसे का शिकार
पवन प्रजापति,सुरेंद्र सिंह नायक, दीपक नायक आदि स्थानीय लोगों के अनुसार इसी गड्ढे में पिछले तीन दिनों में चार बाइक चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। इसी गड्ढे में यह तीनों भी कई बार गिरने से बाल बाल बचे हैं।
वहीं दीवानगंज चौकी क्षेत्र में हाईवे के अलग-अलग गड्ढों के कारण अब तक 14 से ज्यादा बाइक चालक घायल हो चुके हैं। हाईवे-18 पर कई स्थानों पर गड्ढे इतने गहरे और चौड़े हो गए हैं कि वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना या गड्ढे से बचकर निकलना मुश्किल हो रहा है।
दो दिन में ही खुल गई मरम्मत की पोल
एमपी आरडीसी द्वारा गड्ढों में मुरम डालकर अस्थायी रूप से भराव किया जा रहा है, लेकिन महज दो दिन में ही सड़क की स्थिति फिर पहले जैसी हो जाना मरम्मत व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि बारिश के मौसम में मुरम डालने के बजाय गड्ढों की स्थायी मरम्मत की जरूरत है, ताकि रोजाना होने वाले हादसों पर रोक लग सके।
टोल वसूली जारी, सड़क मरम्मत पर सवाल
हाईवे पर व्यावसायिक वाहनों से लगातार टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की हालत देखकर वाहन चालकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब सड़क के उपयोग के लिए वाहन चालकों से शुल्क लिया जा रहा है तो सड़क की नियमित और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। गड्ढों में महज मुरम डालकर खानापूर्ति करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों ने एमपी आरडीसी से मांग की है कि भोपाल-विदिशा हाईवे-18 के सभी गड्ढों को चिन्हित कर उनकी तत्काल स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले सड़क सुरक्षित हो सके।
बाइक चालक आगे आगे चल रहा था इसके पीछे हम दोनों दोस्त गाड़ी से आ रहे थे जैसे ही कुलहड़िया के पास पहुंचे बाइक चालक का पहिया गड्ढे में आ जाने के कारण रोड पर गिर गया जिसको हम दोनों ने उठकर वाहन से अस्पताल भेजा जहां पर डॉक्टर ने पैर फैक्चर बताया है।
पवन और सुरेंद्र सिंह स्थानीय निवासी