रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप में कार्यरत ठेका श्रमिकों को कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) और भविष्य निधि (PF) जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मप्र ठेका श्रमिक मजदूर कांग्रेस (इंटक) के नेता राधे श्याम चिंतामणि ने ईएसआई निगम के शाखा प्रबंधक को लिखित शिकायत सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
यूनियन द्वारा दिए गए पत्र में बताया गया है कि औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रमिक ठेका प्रथा के तहत कार्य कर रहे हैं। इन श्रमिकों से नियमित रूप से काम लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें शासन द्वारा निर्धारित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।

शिकायत में एक गंभीर घटना का भी उल्लेख किया गया है। यूनियन के अनुसार 20 अप्रैल को लगभग 45 वर्षीय एक श्रमिक की कार्य के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक करीब 15 वर्षों से कार्यरत था, लेकिन उसे ईएसआई और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिला। सुविधाओं के अभाव में उसके परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है।
यूनियन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित ठेकेदार एवं नियोक्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी श्रमिकों को ईएसआई और ईपीएफ का लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा मृतक श्रमिक के परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
इस पूरे मामले ने औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के अधिकारों और उनकी सामाजिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
