बालमपुर घाटी के ऊपर भदभदा गांव के मोड पर मंगलवार सुबह आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा ड्राइवर क्लीनर घायल
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल–विदिशा हाईवे 18 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बालमपुर घाटी के ऊपर भदभदा गांव के अंधे मोड़ पर भोपाल से विदिशा की ओर जा रहा आयशर मिनी ट्रक (क्रमांक MP 50 ZE 5480) अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि क्लीनर को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद ट्रक में भरी शराब की पेटियां सड़क से नीचे बिखर गईं। मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने पेटियां उठाकर ले जाना शुरू कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसों का हॉटस्पॉट बना हाईवे
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुखी सेवनिया बाईपास बंद होने के बाद से इस मार्ग पर हादसों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। सुखी सेवनिया बाईपास से त्रिमूर्ति चौराहा तक करीब 25 किलोमीटर के दायरे में पिछले एक महीने में 12 से अधिक ट्रक पलट चुके हैं।
सबसे ज्यादा हादसे बालमपुर घाटी क्षेत्र में सामने आए हैं। इसके अलावा दीवानगंज, देहरी, कुलहड़िया, बेरखेड़ी चौराहा और सलामतपुर जैसे स्थानों पर भी लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों की मांग अनसुनी
ग्रामीण कई वर्षों से हाईवे 18 को चौड़ा करने और खतरनाक मोड़ों को सुधारने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। लगातार बढ़ते हादसे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
भदभदा, बालमपुर घाटी, कुलहड़िया, बेरखेड़ी चौराहा, सलामतपुर, त्रिमूर्ति चौराहा इन जगहों पर एल साइज के मोड रोड पर बने हुए हैं जो दुर्घटनाओं का मेन कारण है। अन्य जगहों पर अब तक सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं हुई है।
हाईवे 18 पर बढ़ते हादसे गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं। समय रहते सड़क सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में और बड़े हादसों की आशंका बनी रहेगी।