मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र में वाले हाट बाजार में सब्जियों के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय बाजार में टमाटर सहित कई सब्जियां औंधे मुंह गिर गईं, जिससे किसानों और व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
व्यापारियों के अनुसार आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी मात्रा में लोकल सब्जियों की आवक होने के कारण बाजार में सप्लाई बढ़ गई है। मांग के मुकाबले अधिक आपूर्ति होने से दामों में अचानक गिरावट देखने को मिल रही है। स्थिति यह है कि जो टमाटर पहले 50 से 60 रुपए प्रति किलो बिकता था, वह अब मात्र 5 रुपए किलो तक पहुंच गया है।
व्यापारियों ने बताया कि इतनी कम कीमत मिलने से परिवहन लागत तक निकालना मुश्किल हो रहा है। कई किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अन्य सब्जियों जैसे भिंडी, बैंगन, लौकी,आलू , पत्ता और फूल गोभी के दाम भी काफी नीचे आ गए हैं। वही हरी मिर्च जहां कभी 80 रुपए किलो बिकती थी अब 40 रुपए किलो बिक रही है।
किसानों का कहना है कि लागत बढ़ने और कीमतों में गिरावट के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में खेती पर भी असर पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बाजार में संतुलन बनाए रखने के लिए उचित भंडारण और समर्थन मूल्य जैसी व्यवस्थाओं की आवश्यकता है, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।