सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गै़रतगंज तहसील के अंतर्गत आने वाले कहूला ग्राम में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे के लगभग खेत में खड़ी फ़सलों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की फ़सलो को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन तेज हवा के चलते आग तेजी से फ़ैल गई। इस हादसे में करीब 10 एकड़ भूमि में खड़ी गेहूं की फ़सल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

बताया जा रहा है कि आग से प्रभावित फ़सल किसान दिनेश कुमार, बृजेश कुमार और सुनील कुमार—तीनों भाइयों की थी। इस अचानक हुई घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों और हवा के कारण स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के अन्य किसान भी अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का कहना जिन किसानों की फ़सले आग से जली है उन्हें जल्द मुआवज़ा राशि दी जाएगी।