शाजापुर ।जिले के शुजालपुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प का वीडियो सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। यह घटना अकोदिया-शुजालपुर मार्ग स्थित औद्योगिक क्षेत्र के सामने शनिवार को हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ-साथ तलवारों का भी खुलेआम इस्तेमाल किया गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस हिंसक झड़प में कुल 5 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में से 2 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।
मामले में शुजालपुर मंडी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है।
पहले पक्ष के फरियादी शादाब पिता हफीज खां पठान (निवासी टीला, शुजालपुर सिटी) की रिपोर्ट पर लल्लू खां, समीर खां, हसीन खां, वसीम खां, आसू खां और रसूल खां के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरे पक्ष के 85 वर्षीय फरियादी रसूल पिता चांद खां की शिकायत पर हफीज, शादाब, साहिल, सईद पटेल (भाजपा पार्षद, वार्ड क्रमांक 6) सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की भूमिका स्पष्ट की जा रही है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।