मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, सरार, कयामपुर, संग्रामपुर, सत्ती, सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में पिछले दो दिनों से देर रात मावट (हल्की वर्षा) हो रही है, जिसके कारण मौसम में अचानक ठंडक बढ़ गई है। लगातार बादल छाए रहने और धूप नहीं निकलने से दिन का तापमान भी गिर गया है, जिससे क्षेत्र में ठंड का असर तेज हो गया है।
ठंड बढ़ने से सुबह-शाम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेत-खलिहानों का काम देर से शुरू हो रहा है, वहीं बुजुर्गों और बच्चों को सर्दी-जुकाम जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
किसानों का कहना है कि मावट से रबी फसलों को नमी तो मिली है, लेकिन लगातार ठंड और बादल बने रहने से चना, मसूर व सब्जी फसलों पर असर पड़ने की आशंका है।
मौसम में आई इस अचानक गिरावट से पूरे क्षेत्र में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है और लोग गर्म कपड़ों व अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।