Let’s travel together.

शिवत्व की आध्यात्मिक आभा से आलोकित “महादेव” भोजपुर महोत्सव में बिखरे संस्कृति के रंग

0 174

भोजपुर शिव मंदिर परिसर में तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन की शानदार शुरुआत

सीएल गौर, रायसेन

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्राचीन एवं दिव्य स्थल भोजपुर मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी “महादेव” भोजपुर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय महोत्सव को मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन — रायसेन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसका शुभारम्भ रविवार को हुआ। भारतीय संस्कृति एवं परम्परा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने एवं प्रसारित करने संस्कृति विभाग निरन्तर ऐसे आयोजन कर रहा है। यह प्रयास अपनी विरासत से जुड़ाव का एक सशक्त सेतु बनकर उभर रहा है, जहाँ अतीत की गौरवगाथा वर्तमान की चेतना से संवाद करती है और भविष्य को संस्कारों का प्रकाश प्रदान कर रही है।

महादेव की अलौकिक उपस्थिति और शिवत्व की आध्यात्मिक आभा से आलोकित यह महोत्सव श्रद्धा, संस्कृति और कला का अद्भुत संगम बनकर श्रद्धालुओं एवं कला-रसिकों को भावविभोर कर रहा था। भव्य शिवालय की विराटता के मध्य गूंजते लोकगीत एवं भजन से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ वातावरण को दिव्यता से अनुप्राणित कर रही थीं।

कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रायसेन यशवंत मीणा उपस्थित रहे। गणमान्य अतिथियों में अध्यक्ष नगर परिषद मंडीदीप श्रीमती प्रियंका राजेन्द्र अग्रवाल, अध्यक्ष नगर परिषद औबेदुल्लागंज श्रीमती लक्ष्मी सोनू चौकसे, महंत भोजपुर मंदिर पवन गिरी महाराज उपस्थित रहे। साथ ही संचालक, संस्कृति एन.पी. नामदेव एवं अनुविभागीय अधिकारी चंद्रशेखर श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

पहले दिवस की पहली प्रस्तुति बुंदेली लोकगायन की रही। माधुर्य और रस से सराबोर बुन्देलखण्ड अंचल के लोकगीतों में यहां की संस्कृति के सौंदर्य के दर्शन होते हैं। यहाँ के गीतों में शिव के प्रति गहरी आस्था और विश्वास के सुर रचे—बसे हैं। सागर के श्री ऋषि विश्वकर्मा एवं साथी कलाकारों ने अपने गीतों से ऐसा समां बांधा कि श्रोताओं के अंतर्मन तक शिवत्व की धारा प्रवाहित कर दी। उन्होंने शुरुआत शिव शंकर जी बनके दुल्हा मोरी नगरिया आए जू…. एवं गौरा व्याहन भोला की बारात है चली…. से शिव बारात का अलौकिक स्वरूप स्वरों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इसके बाद हम जानत कछु नोने से हुए राजा हिमाचल के दामाद…., दुल्हा बनके महादेव बाबा गांव में आ गए रे…., गौरा सांची बताओ कैसे करवा लाए भोले बाबा से ब्याव…. एवं दुल्हा शिव शंकर की बारात आ गई…. से महाशिवरात्रि पर सम्पूर्ण वातावरण को शिवमय कर दिया। अगले क्रम में गौरा तोरे जैसे सैया पूरे गांव भरे में नैया…., भरदुपरे आ गओ री अरे जो बैरागिया…. एवं लुटिया में लाई भोला भंग…. से प्रस्तुति को विराम दिया।

अगली प्रस्तुति बुन्देलखण्ड के सुप्रसिद्ध बधाई एवं बरेदी लोकनृत्य की रही। श्री उमेश नामदेव एवं साथी, सागर द्वारा नृत्यों की प्रस्तुति दी गई। बधाई नृत्य, जो मांगलिक एवं शुभ अवसरों पर किया जाता है। शिवरात्रि के पावन अवसर पर इस नृत्य के माध्यम से मंच पर दिव्य आनन्द बिखर गया। इसके बाद बरेदी लोकनृत्य में परम्परा, संस्कृति एवं जीवन का उल्लास देखने को मिला।

अंतिम प्रस्तुति सुविख्यात भजन गायक श्री लखबीर सिंह लक्खा एवं साथी, मुम्बई की भक्ति गायन की रही। अपने चिर–परिचित और आस्था से ओतप्रोत अंदाज में श्री लक्खा ने एक से बढ़कर एक भजनों की ऐसी सुरधारा प्रवाहित की कि पूरा परिसर मानो शिवमय हो उठा। हर शब्द में श्रद्धा, हर आलाप में समर्पण और हर ताल में भक्ति का कंपन अनुभव किया गया। श्रोतागण भाव–विभोर होकर कभी ताली, तो कभी हर–हर महादेव के उद्घोष लगाते रहे। मंत्रमुग्ध कर देने वाली स्वर–लहरियों ने वातावरण को शिव–तत्व की दिव्य सुगंध से आलोकित कर दिया।

उन्होंने प्रस्तुति की शुरुआत जय शंभू जय जय शंभू…. भजन के साथ की। इसके बाद उन्होंने अपने लोकप्रिय भजनों से श्रद्धालु श्रोताओं को भक्ति के रस से सराबोर कर दिया। महादेव” भोजपुर महोत्सव में 16 फरवरी, को सुश्री शीला त्रिपाठी एवं साथी, भोपाल का लोकगायन, सुश्री भावना शाह एवं साथी, मुम्बई का शिव महिमा नृत्य नाटिका एवं सुविख्यात गायिका सुश्री महालक्ष्मी अय्यर एवं साथी, मुम्बई द्वारा सुगम संगीत की प्रस्तुति होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत नेत्र जाँच शिविर आयोजित     |     भोपाल में वेब सीरीज “चिंटू संग चमेली” की स्क्रिप्ट का भव्य विमोचन संपन्न     |      रीवा हादसे के बाद जैन समाज में आक्रोश, संत सुरक्षा नीति और उच्चस्तरीय जांच की उठी मांग     |     डेढ़ साल बाद भी 334 लाख रुपए से बन रहा जमुनिया-निनोद मार्ग अधूरा, गिट्टियों पर फिसलकर चोटिल हो रहे ग्रामीण     |     5 रुपये में बिजली कनेक्शन, 100 यूनिट तक सिर्फ 100 रुपये बिल     |     भोपाल विदिशा हाईवे 18 पर पुलिस की सख्ती, चला वाहन चेकिंग अभियान     |     गंगा दशहरे पर निकली जल जागरूकता कलश यात्रा, गांव के जल स्रोतों की हुई पूजा-अर्चना     |     सड़क पर उतरे रहवासी अयोध्या बायपास 10 लेन हाईवे का विरोध     |     जन्मजात क्लबफुट से पीड़ित मासूम को मिला नया जीवन     |     स्कूल की तैयारी के लिए मेला आयोजित      |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811