शाश्वत अष्टाह्निका पर्व: तीर्थधाम ज्ञानोदय जैन मंदिर में सहज शांति विधान, श्रद्धालुओं ने की सुख-समृद्धि की मंगल कामना
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत भोपाल-विदिशा हाईवे-18 स्थित फैक्ट्री चौराहा, दीवानगंज के तीर्थधाम ज्ञानोदय जैन मंदिर में चल रहे शाश्वत अष्टाह्निका पर्व के पावन अवसर पर धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला निरंतर जारी है। पर्व के दौरान प्रतिदिन विभिन्न लघु विधानों का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हो रहा है।
इसी क्रम में रविवार को भोपाल निवासी मंजू बेन एवं उनके परिवार के सौजन्य से सहज शांति विधान का भव्य आयोजन किया गया। विधान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान जिनेंद्र की पूजा-अर्चना की तथा विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की मंगल कामना की।

पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। मंत्रोच्चार, पूजन-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने धर्म लाभ प्राप्त किया। आयोजन के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने धर्म प्रभावना के साथ शाश्वत अष्टाह्निका पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित रूप से आयोजित हो रहे धार्मिक कार्यक्रमों की सराहना की।
तीर्थधाम ज्ञानोदय जैन मंदिर में शाश्वत अष्टाह्निका पर्व के उपलक्ष्य में आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक विधान, पूजन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु सहभागिता करेंगे।