रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप नगर पालिका क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों का कारोबार पूरी तरह बेलगाम होता नजर आ रहा है। हालात इतने बेकाबू हैं कि नगर पालिका द्वारा अवैध कॉलोनियों में लगाए गए चेतावनी बोर्डों को कॉलोनाइजरों ने उखाड़कर फेंक दिया, फिर भी न तो डर है और न ही कार्रवाई का असर दिखाई दे रहा है।
नगर पालिका द्वारा अवैध कॉलोनी काटने वाले बिल्डरों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन नोटिस मिलने के बाद भी कॉलोनी माफिया और ज्यादा बेखौफ हो गया है। अवैध कॉलोनियों में खुलेआम प्लॉट बेचने के लिए जगह-जगह दलाल बैठाए गए हैं, जो भोले-भाले लोगों को सपने दिखाकर जमीन बेच रहे हैं।
नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत खेतों में धड़ल्ले से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। एक के बाद एक नई कॉलोनियां अस्तित्व में आ रही हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ कॉलोनाइजर ऐसे हैं जिन्होंने आधा दर्जन से अधिक अवैध कॉलोनियां काट दी हैं, इसके बावजूद उनके खिलाफ कोई ठोस और निर्णायक कार्रवाई नहीं की गई।
नगर पालिका द्वारा रोक लगाने के उद्देश्य से नोटिस तो जारी किए गए, लेकिन जमीन पर उनका कोई असर नहीं दिख रहा। अवैध कॉलोनियों में प्लॉटों की बिक्री जोरों पर है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि कॉलोनी माफिया को प्रशासन का कोई भय नहीं है।
स्थानीय नागरिकों में इस स्थिति को लेकर भारी रोष है। लोगों का कहना है कि अवैध कॉलोनियों के कारण भविष्य में सड़क, पानी, बिजली और सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं का गंभीर संकट खड़ा होगा, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब नगर पालिका के लगाए बोर्ड तक सुरक्षित नहीं हैं, तो अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई कब और कैसे होगी? क्या प्रशासन केवल नोटिस तक सीमित रहेगा या फिर कॉलोनी माफिया पर सख्त कार्रवाई कर उदाहरण पेश करेगा!
इनका कहना है
“अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। बोर्ड हटाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
प्रशांत जैन सीएमओ मंडीदीप नगर पालिका