– रायसेन में हुई मप्र शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी की बैठक में हुए अनेक निर्णय
रायसेन। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ जिले भर में शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए अभियान चलाएगा। वहीं संगठनात्मक विस्तार के लिए टीम वर्क से कार्य किया जाएगा। यह निर्णय मप्र शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। बैठक आयोजन गुरुवार को जिला मुख्यालय पर किया गया। बैठक के दौरान संघ द्वारा जारी कैलेंडर एवं पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

मप्र शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन प्रेसीडेंसी कॉलेज, रायसेन में संघ के जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में जिले के समस्त विकासखंडों से संबंधित महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं शैक्षिक विषयों पर चर्चा की गई। वहीं जिले भर में शिक्षकों की लंबित पड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला व ब्लाक के अधिकारियों से चर्चा कर त्वरित निराकरण कराने का निर्णय लिया गया। जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल ने बताया कि प्रत्येक विकासखंड के संकुल केंद्रों में 6 से 8 विद्यालयों में मंडल रचना को पूर्ण करना, हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ योजना के अंतर्गत एक संयोजक एवं दो सहसंयोजकों की नियुक्ति तथा हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान अभियान के सफल क्रियान्वयन के पश्चात प्राचार्य/प्रधानाध्यापकों को धन्यवाद ज्ञापित करने हेतु प्राचार्य अनुवर्तन कार्यक्रम करना है।

जिले में कर्तव्य बोध दिवस कार्यक्रम के आयोजन किए जाने हेतु भी प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक के दौरान संघ द्वारा जारी हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ कैलेंडर एवं पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से गैरतगंज ब्लाक संगठन मंत्री के पद पर वरिष्ठ सेवानिवृत शिक्षक सुरेंद्र तिवारी को चुना गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला संगठन मंत्री उम्मेदसिंह ठाकुर, सुरेंद्र तिवारी, अश्विनी शर्मा, राजेन्द्र बघेल, दिलीप भार्गव, मुकेश पटेल, हेमंत राजपूत, अनुपमा वर्मा ने भी संबोधित कर अपने विचार रखे।

बैठक का संचालन शिक्षक कमलेश बहादुर सिंह एवं आभार प्रदर्शन जिला सचिव राजेश जोशी ने किया। इस वृहद बैठक में जिले की समस्त ब्लॉक एवं तहसील कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी के सभी दायित्ववान सदस्य तथा जिले में निवासरत अखिल भारतीय, प्रांतीय एवं संभागीय पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। आयोजन में जिला कोषाध्यक्ष सूर्यप्रकाश मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी मनोज नायक, सरदारसिंह पोर्ते, हरिशंकर धुर्वे, जसमनसिंह गुर्जर, कालूराम विश्वकर्मा, छीतूसिंह मौर्य, सत्यप्रकाश तिवारी, उमा नागवंशी, नीरज गौर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।