सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत नगर के उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य पीसी दिवार के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य द्वारा प्रदर्शनी का शुभारंभ कर छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने से हुई। विद्यालय के बच्चों ने विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, कृषि नवाचार और डिजिटल टूल्स पर आधारित शिक्षाप्रद मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें आगंतुकों ने खूब सराहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं लोकनृत्य, नाटक, गीत और सामूहिक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कला दीर्घा में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही, विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक व्यंजनों की खानपान प्रदर्शनी लगाकर एक भारत श्रेष्ठ भारत थीम को साकार किया।
प्राचार्य श्री दिवार ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ छात्रों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करती हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम का समापन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित कर किया गया।