सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रायसेन में यूनिटी मार्च का सिलवानी विधानसभा में हुआ आयोजन
यह पदयात्रा सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का बनी माध्यम – श्री शिवराज सिंह चौहान
रायसेन । माय भारत केंद्र रायसेन (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार) द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिले में कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत शनिवार को सिलवानी विधानसभा में यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों को विदिशा रायसेन क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आत्म निर्भर भारत का संकल्प दिलाया एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
वही केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री श्री रामपाल सिंह ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने भारत माता एवं राष्ट्रीय एकता के जयकारे लगाकर उत्साहपूर्ण वातावरण निर्मित किया। कार्यक्रम के जिला संयोजक श्री बबलू ठाकुर, जिला सह-संयोजक श्री वरुण खत्री जी मंडल अध्यक्ष श्री पप्पू ठाकुर और अन्य कार्यकर्ता गण सहित माय भारत केंद्र रायसेन जिला युवा अधिकारी श्रीमती मोनिका चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

वही केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पदयात्रा के दौरान नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को अटूट एकता का स्वरूप प्रदान किया। उनके अथक प्रयासों को सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता की भावना को जन-जन तक पहुँचाना हम सभी का दायित्व है और यह पदयात्रा उसी उद्देश्य की पूर्ति का माध्यम है। सभी ने सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा प्रतिभागियों का स्वागत कर पेयजल एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
यात्रा के समापन स्थल पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर पूर्व मंत्री श्री रामपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर यह यूनिटी मार्च उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ देशहित में कार्य करने का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। देश की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से सम्पन्न यह यूनिटी मार्च पदयात्रा सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का माध्यम बनी। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा जी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता,पदाधिकारी मौजूद रहे