रायसेन जिले में कुपोषणमुक्त अभियान तेज़ – सांचेत में कुपोषित बच्चों को वितरित हुई फूड बास्केट
0 135
रायसेन। जिले को कुपोषणमुक्त बनाने के लिए कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा अभियान के रूप में सतत कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों से समन्वय स्थापित कर कुपोषित बच्चों को फूड बॉस्केट वितरण कराने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में सांची विकासखंड के सांचेत सेक्टर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा एवं ग्राम सरपंच द्वारा सांचेत ग्राम में कुपोषित बच्चों को पोषण आहार किट वितरित की गई। साथ ही SAM, MAM श्रेणी के बच्चों एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच भी की गई।

इस अवसर पर कुल 21 गर्भवती महिलाओं और 26 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान ग्राम सांचेत निवासी स्व. निधि की पुत्री (उम्र 1 वर्ष) की शिक्षा एवं पालन-पोषण की जिम्मेदारी राकेश शर्मा ने स्वयं उठाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि “इस बच्चे को किसी भी चीज़ की आवश्यकता होगी, उसकी पूरी मदद की जाएगी।”
राकेश शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण के साथ कर रही हैं।
कार्यक्रम में कुपोषित बच्चों की माताओं एवं परिजनों को संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर सीडीपीओ सुश्री आशा सिंह, सुपरवाइजर सुनीता रजक, डॉक्टरों की टीम, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी स्टाफ उपस्थित रहे।