सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
नवरात्रि के पावन पर्व पर क्षेत्र सहित नगर गैरतगंज में भक्तिमय माहौल की धूम है। गुरुवार को नगर में नव दुर्गा उत्सव समिति, आजाद चौक के तत्वावधान में एक विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और माँ कात्यायनी को जल चढ़ाया।
कलश यात्रा में छोटी-छोटी कन्याओं और महिलाओं ने अपने सिर पर कलश रखकर भाग लिया। पूरे रास्ते डीजे पर बजते धार्मिक गीतों पर युवा झूमते हुए चल रहे थे, वहीं महिलाएं मंगल गीत गाती और माता के जयकारे लगाती चल रही थीं।

यात्रा में हनुमानजी के वेश में एक छोटा बालक भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। लगभग एक किलोमीटर की यह यात्रा सिविल अस्पताल स्थित माँ कात्यायनी मंदिर पर समाप्त हुई, जहाँ सभी श्रद्धालुओं ने माता को जल अर्पित किया। मंदिर समिति ने यहाँ पर कन्याओं का तिलक लगाकर उनका पूजन भी किया। कलश यात्रा का रास्ते में जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया, जिससे पूरा नगर भक्ति के रंग में रंग गया।