भोपाल। मध्यप्रदेश शिक्षक संघ ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव से भेंटकर 27 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर निराकरण की मांग की है। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांताध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री से हुई वार्ता में अध्यापक से शिक्षक बने कर्मचारियों को नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता, चतुर्थ समयमान वेतनमान, शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ई-अटेंडेंस ऐप की विसंगतियों सहित सभी 27 बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही शिक्षकों को 10 दिवसीय अर्जित अवकाश देने की मांग भी रखी गई। संघ ने 1 सितम्बर को आयोजित हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान कार्यक्रम में शासन द्वारा दिए गए सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
संघ के रायसेन जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए बताया कि वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने संघ को आश्वस्त किया कि उनके ज्ञापन पर शीघ्र ही प्रमुख सचिव डॉ. संजय गोयल के साथ बैठक आयोजित कर समाधान की दिशा में कार्यवाही की जाएगी। संभावना है कि शिक्षक दिवस के अवसर पर इन मांगों में से कुछ शिक्षक हितैषी घोषणाएं की जाएंगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षक संघ के प्रांत स्तरीय सम्मेलन में शामिल होने की सहमति भी प्रदान की।
प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय संगठन मंत्री हिम्मतसिंह जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संजय राउत, प्रांतीय महामंत्री राकेश गुप्ता, प्रांतीय कोषाध्यक्ष विनोद कुमार पुनी, सह संगठन मंत्री राजीव शर्मा, प्रांतीय पदाधिकारी रामरतन सिंह चौहान, विनय सिंह, महेंद्र जैन, श्रीमती संध्या नाइक, अनिल सिंह मुक्तावत एवं नागेश पांडेय शामिल रहे।