सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील की मुड़ियाखेड़ा सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक रूप सिंह पर किसानों को परेशान करने और सरकारी योजनाओं में धांधली करने के आरोप लगे हैं। किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बाद इस मामले की जिला स्तरीय दल ने जांच शुरू कर दी है।
किसानों का आरोप है कि मुड़िया खेड़ा समिति के प्रबंधक रूप सिंह सरकारी योजनाओं का लाभ देने में कोई रुचि नहीं लेते। इतना ही नहीं, उन पर खाद वितरण में बड़ी धांधली का आरोप भी लगाया गया है। किसानों ने कहा है कि प्रबंधक नए किसानों को समिति का सदस्य नहीं बना रहे हैं और उनके आवेदनों पर कोई कार्रवाई नहीं करते। जनपद सदस्य पूनम देवेंद्र कुशवाहा सहित कई किसानों ने एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपा था। इस शिकायत में प्रबंधक पर खाद की कालाबाजारी और अपने पिता, ससुर और अन्य रिश्तेदारों को अवैध रूप से खाद देने का आरोप लगाया गया था। किसानों का यह भी कहना है कि जब वे इन अनियमितताओं पर सवाल उठाते हैं, तो प्रबंधक उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं।
जांच में उजागर हुई गड़बड़ियां
इस मामले की शुरुआती जांच कृषि विस्तार अधिकारी नीरज नामदेव ने की और अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी। इसके अलावा, जिला स्तरीय कार्यालय ने भी एक अलग टीम भेजकर पूरे मामले की जांच करवाई। जिसमे शिकायतकर्ता किसानों के कथन लिए गए। तथा पंचनामा तैयार किया गया पंचनामा में जांच करने आये समिति प्रशासक राजकुमार दांगी के समक्ष किसान मोहर बाई, राजेंद्र धाकड़, नीलेश धाकड़, देवेन्द्र सिंह धाकड़, जितेंद्र धाकड़, छोटेलाल ने समिति प्रबंधक द्वारा की जा रही अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान, किसानों ने प्रबंधक द्वारा की जा रही अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई, जिससे यह पुष्टि हुई कि किसानों के आरोप सही थे।
यह मामला दिखाता है कि कैसे निचले स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की मनमानी से किसानों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है।