रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप नगर में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष सजावट की गई और भक्तों ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

नगर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। देर रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में झांकियां सजाई गईं और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं नगर के विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान नगर पालिका एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भक्तों ने पूरे दिन उपवास रखकर रात्रि में प्रसाद ग्रहण किया। नगर भर में जगह-जगह श्रीकृष्ण के भजन गूंजते रहे और पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।