– मावलखोह एवं नीलकंठेश्वर में हुए शिव अभिषेक
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
श्रावण के अंतिम सोमवार के अवसर पर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं प्राचीन मावलखोह शिवधाम एवं नीलकंठेश्वर शिवधाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शंकर का अभिषेक कर विशेष पूजा अर्चना की। बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने नर्मदा जल से भी शिवालय में भगवान का अभिषेक पूजन किया।
श्रावण सोमवार के उपलक्ष्य में क्षेत्र के शिवमंदिरों में विशेष कार्यक्रम हुए। प्रसिद्ध एवं प्राचीन तपोभूमि शिवधाम मावलखोह गढ़ी में बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने पहुंचकर नर्मदा जल से शिवाभिषेक किया। मंदिर के महंत सुखदेवदास महाराज की उपस्थिति में यहां विशेष पूजा अभिषेक के कार्यक्रम किए गए। श्रद्धालुओं की भीड़ यहां विराजित प्राचीन शिवलिंग के दर्शन के लिए पहुंची।

क्षेत्र के प्रसिद्ध नीलकंठेश्वर शिवधाम पाटन हरदौट में भी इस अवसर पर विशेष पूजा अभिषेक के कार्यक्रम हुए। यहां भी कांवड़ियों ने पैदल पहुंचकर नर्मदा जल भोलेनाथ को समर्पित किया। मंदिर के महंत बाबा महाकाल की उपस्थिति में विशेष पूजा की गई। इसके अलावा क्षेत्र के भुवनेश्वर शिवधाम गैलपुर सीहोराखुर्द, प्राचीन श्रीरामजानकी मंदिर, चिंताहरण महादेव टेकापार, सिद्ध तपोभूमि रड़िया धाम, बलेश्वर महादेव टेकापार, हिरदेश्वर महादेव अस्पताल कालोनी सहित अन्य मंदिरों में भी बड़ी संख्या में भगवान शंकर की पूजा अर्चना की गई।