चौथी बार सुल्तानगंज मार्ग फिर हुआ बंद
शरद शर्मा बेगमगंज ,रायसेन
आज शाम करीब 4 बजे अचानक तेज मूसलाधार वर्षा करीब एक से दो घण्टे तक होने से नगर में चारों ओर पानी -पानी हो गया।
भोपाल रोड़ पर पलकमती की पुलिया के ऊपर पानी आने से दो एवं छोटे चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद हो गई।
हर बार की तरह फिर से बिजली चली गई जो खबर लिखे जाने तक नहीं आई थी।
वहीं बेगमगंज -सुल्तानगंज मार्ग पांडाझिर के पास दुधई नदी पर अस्थाई रपटे पर आज फिर पानी बढ़ने से बंद हो गया है ।
इसके अतिरिक्त बेगमगंज -बेरखड़ी , हैदरगढ़ से होकर विदिशा पहुंच मार्ग भी बंद है। और बेगमगंज -नेंनविलास -परसोरा मार्ग , बेगमगंज -चँदोरिया , बेगमगंज -मानपुर , सिलतिरा , गोपालपुर मार्ग भी फिर से बंद हो गया है।

पिछले 22 दिन से लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया।
रविवार को कुछ देर के लिए दोपहर में पानी खुला था लेकिन शाम होते -होते फिर से तेज बारिश होने लगी जोकि रात भर बरसाता रहा ।
आज सोमवार को दोपहर में करीब 2 से 3 घंटे तक पानी नहीं गिरा लेकिन शाम 4:00 बजे से एकाएक तेज रफ्तार से मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। जो डेढ़ घण्टे तक एक ही रफ़्तार से गिरता रहा। जिसके कारण नगर की निचली बस्तियों मंडी , माला फाटक , मुकरबा ,ईश्वर नगर चुरक्का , पाराशरी , दशहरा मैदान रामनगर इत्यादि जलमग्न हो गए।
जिससे लोगों के घरों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत के सामने ब्लॉक मार्केट के सामने 3 फीट पानी भरने से दर्जनों दुकानों में पानी भर गया। सामने का पूरा क्षेत्र जलमग्न होने से दुकानदारों एवं लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जनपद कार्यालय के मुख्य गेट से दीनदयाल कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर भी करीब 2 फीट पानी सड़क पर बह रहा था। दशहरा मैदान के पास स्थित पलकमति नाले पर 3 फीट से ऊपर पानी होने के कारण दो पहिया एवं छोटे चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद हो गया और दशहरा मैदान के पीछे वाले हिस्से में घरों में भी पानी भरने से लोगों की गृहस्थी का सामान खराब हो गया।
शाम 5 .30 बजे पानी की रफ्तार कुछ कम तो हुई लेकिन पानी बराबर बरस रहा है।
आज सोमवार को मार्केट डे ( हॉट बाजार ) होने से विभिन्न प्रकार की सामग्री बेचने के लिए लगने वाली दुकानों को दुकानदार समेटते नजर आए।
पानी बढ़ने से हाट-बाजार नहीं लग सका।
वहीं मोहर्रम पर चांद की 11 तारीख को निकलने वाले अखाड़ों के जुलूस का कार्यक्रम भी छिन्नभिन्न हो गया , फिर भी मूसलाधार वर्षा में जूलूस निकला जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए काजी मोहल्ला चौकियों के सामने मैदान में पहुंचा और सभी अखाड़ों के होनहार खिलाड़ियों ने अपने -अपने फन का मुजाहिरा किया। तेज वर्षा से मुस्लिम त्यौहार कमेटी के कई अन्य कार्यक्रमों में रुकावट आ गई है।