अनुराग शर्मा सीहोर
जिले के नवागत पुलिस कप्तान दीपक कुमार शुक्ला पदभार ग्रहण करने के दो-तीन दिन बाद से ही एक्शन मोड में आ गए थे। उनकी सख्ती का असर यह रहा कि जिले भर में पुलिस अवैध शराब, जुआं, सट्टा, फरार वारंटियों की धरपकड़ में जुटी हुई है। इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने पुराने मर्चुरी रूम के पीछे चल रहे सट्टे पर भी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद लोग भी कहते नजर आए कि लंबे समय बाद पुलिस ने यहां कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना प्रभारी मनोज मालवीय को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नदी चौराहा पुरानी मर्चुरी रूम के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टे के अंक पर्ची पर लिखकर रुपए पैसों का दाव लगा रहा है। मुखबिर की सूचना की तस्दीक में पुलिस पुराने मर्चुरी रूम पहुंची, जहां एक व्यक्ति सट्टे अंक की पर्ची लिखता मिला जिसे पकडक़र उसका नाम पता पूछने पर अपना नाम अमन निवासी नदी चौराहा का होना बताया जिसके पास से पुलिस ने सट्टा अंक डायरी एवं नगदी 15,700 रुपए जप्त कर आरोपी के विरुद्ध सट्टा अधिनियम में कार्यवाही की।