रेडन। जिले में महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर तक मनाए जा रहे मद्य निषेध सप्ताह के तहत बुधवार को रायसेन में वाहन रैली निकाली गई। रैली को कलेक्टर श्री अरविंद दुबे द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली में शामिल शिक्षक, अधिकारी–कर्मचारी नशामुक्ति संबंधी स्लोगन लिखी हुई तख्तियां साथ लेकर चल रहे थे। यह वाहन रैली नगर में भ्रमण कर महामाया चौक पहुंची। यहां कलेक्टर श्री दुबे द्वारा सभी को नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही कलेक्टर श्री दुबे द्वारा स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

शपथ के पहले कलेक्टर श्री दुबे ने महामाया चौक स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक श्री मनोज बॉथम, एसडीएम श्री मुकेश सिंह तथा सीएमओ सुश्री सुरेखा जाटव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।