माना थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात
– आरोपी ने खुद को भी किया घायल; अस्पताल में भर्ती
सुरेंद्र जैन धरसीवां रायपुर
राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बीच एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 की रात एक व्यक्ति ने पत्नी के चरित्र पर शंका के चलते घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी और अपने दो बेटों पर हमला कर दिया। घटना में तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान भुनेश्वर कुमार साहू (34) के रूप में हुई है। वह बालोद जिले के गुंडरदेही तहसील क्षेत्र का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पारिवारिक विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह किए जाने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी के गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसे उपचार के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा), रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतकों के संबंध में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की परिस्थितियों, पारिवारिक विवाद और आरोपी द्वारा उठाए गए कदम को लेकर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद घटना के संबंध में विस्तृत तथ्य सामने आएंगे।