एक दर्जन विमानो की निकली धूमधाम के साथ शोभा यात्रा, बालकृष्ण भगवान के दर्शनों के लिए लगी दर्शकों की भीड़
सी एल गौर रायसेन
मंगलवार को जल झूलनी एकादशी डोल ग्यारस के पावन अवसर पर नगर में प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी एक दर्जन से अधिक विमानो की वो विशाल शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई जिसमें शहर के विभिन्न मोहल्लों से लगभग 14 विमान शामिल हुए।
विमान में भगवान बालकृष्ण विराजमान होकर और जल विहार करने के लिए जब शहर की सड़कों पर निकले तो उनकी एक झलक पाने और उनके दर्शनों के लिए सड़कों के दोनों तरफ दर्शकों की भीड़ लगी रही लोगों ने भगवान की पूजा अर्चना और आरती कर दर्शन लाभ लिए एवं प्रसादी ग्रहण की।

विमानो की शोभा यात्रा नगर के गंज बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर से एक साथ निकाली गई जो पुरानी बस्ती के पुराना कोतवाली, राम जानकी मंदिर, तिपट्टा बाजार, दुर्गा चौक होते हुए माता मंदिर चौराहा होकर सांची मार्ग से गांधी प्रतिमा के सामने से होते हुए रामलीला गेट से होकर रामलीला मैदान होते हुए सीधे प्राचीन मिश्र तालाब पर पहुंची जहां भगवान बालकृष्ण को जलपान ग्रहण कराया गया एवं विशेष पूजा अर्चना कर महा आरती का आयोजन किया गया। जलपान ग्रहण करने के पश्चात भगवान के विमान रात्रि विश्राम करने के लिए रवाना हुए।

विमानो की शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमी महिला पुरुष बच्चे उत्साह के साथ शामिल हुए अखाड़े के कलाकारों ने भी हैरत अंगेज कर्तव्य दिखाकर दर्शकों का मन मोह लिया । इस प्रकार से धूमधाम के साथ नगर रायसेन सहित आसपास के गांव गांव में भगवान कृष्ण गोपाल के विमानो की शोभा यात्राएं उत्साह के साथ निकाली गई।