– रायसेन से गैरतगंज जा रही थी पार्थ ट्रैवल्स की बस, घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया,
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के थाना देहगांव अंतर्गत ग्राम टिकोदा में बुधवार को भोपाल-सागर मुख्य सड़क मार्ग पर एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 12–13 यात्रियों में से लगभग 8 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पार्थ ट्रैवल्स की बस रायसेन से गैरतगंज की ओर जा रही थी। ग्राम टिकोदा में ओम बाबू बघेल के घर के सामने अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई।

108 एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायल यात्रियों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल रायसेन भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
थाना प्रभारी के हवाले से
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में बस का स्टेयरिंग फेल होना हादसे का कारण सामने आया है। बस में करीब 12–13 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 8 यात्रियों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रायसेन भेजा गया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है तथा हादसे के वास्तविक कारणों की जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।