धार जिले में तिरंगे का अपमान: लेड़गांव पंचायत में आड़ा फहराया राष्ट्रीय ध्वज, भड़के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
मनोज बैरागी सरदारपुर धार
धार जिले की सरदारपुर तहसील अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत लेड़गांव एक बार फिर स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े घटनाक्रम को लेकर सुर्खियों में है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पंचायत भवन में झंडावंदन के समय तिरंगे की रस्सी अत्यधिक कसी होने के कारण समय पर नहीं खुल सकी। इसके बाद ध्वज को निकालकर आड़े तरीके से फहराया गया, जिससे उपस्थित ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने इसे राष्ट्रीय ध्वज का सीधा अपमान बताते हुए पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी नाराजगी जाहिर की है। तिरंगा अपना से आक्रोशित ग्रामीण लक्ष्मीनारायण ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि यदि उनके पास बंदूक होती तो वे ऐसे जिम्मेदार अधिकारियों को गोली मार देते।

पहले भी सामने आ चुका है मामला
लेड़गांव ग्राम पंचायत में राष्ट्रीय ध्वज के प्रबंधन को लेकर यह पहली लापरवाही नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, इससे पूर्व भी इस पंचायत में तिरंगे को उल्टा फहराने का मामला सामने आ चुका है। बार-बार हो रही इस तरह की गंभीर पुनरावृत्ति से क्षुब्ध होकर ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।