रायसेन। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर रायसेन के निर्देश तथा सहायक आयुक्त आबकारी डॉ. शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन में आबकारी वृत रायसेन की टीम ने मंगलवार (4 अगस्त 2026) को ग्राम सिंगपुर, गोंदरा और महुआखेड़ा में दबिश देकर अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने जलती हुई अवैध शराब की भट्टी को नष्ट किया तथा मौके से लगभग 30 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब और करीब 1200 किलो महुआ/गुड़ लाहन बरामद किया। आबकारी विभाग ने म.प्र. आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज किए हैं।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए महुआ लाहन के नमूने लेकर शेष सामग्री को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। जब्त मदिरा एवं सामग्री का अनुमानित मूल्य 1.26 लाख रुपये बताया गया है।
इस अभियान का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं मंडल प्रभारी रायसेन बबीता भट्ट तथा आबकारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र भील ने किया। कार्रवाई में आबकारी आरक्षक संतोष मर्सकोले, सत्यवान वर्मा, महिला आरक्षक पूजा राजपूत एवं सुनीता राठौर का सराहनीय सहयोग रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।