सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील के कस्बा गढ़ी के वरिष्ठ समाजसेवी एवं दिव्यांगजनों के अधिकारों के लिए लंबे समय तक सक्रिय रहने वाले नवाब कुरैशी (छोटे) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निवास पर सुबह से ही समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों का तांता लगा रहा।
नवाब कुरैशी का पूरा जीवन समाजसेवा को समर्पित रहा। वे विशेष रूप से दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने, जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करने और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए जाने जाते थे। उनका मिलनसार व्यवहार, सरल स्वभाव और सेवा भावना उन्हें समाज में अलग पहचान दिलाती थी। वे हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहते थे।
परिजनों ने बताया कि मरहूम का जनाज़ा गुरुवार सुबह 9:45 बजे दरगाह मोहल्ला स्थित उनके निज निवास से उठेगा। सुबह 10:00 बजे जामा मस्जिद ग्राउंड में नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की जाएगी। इसके बाद उन्हें बड़े हजीरे वाले कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया जाएगा।
नवाब कुरैशी के निधन पर सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उनके निधन से गढ़ी क्षेत्र ने एक ऐसे समाजसेवी को खो दिया है, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा को अपना जीवन समर्पित किया।