14 दिन बाद हल्की बारिश से बदला मौसम, किसानों और आमजन ने ली राहत की सांस, उमस भरी गर्मी से मिली कुछ राहत
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में करीब 14 दिनों के लंबे इंतजार के बाद हल्की बारिश ने किसानों के चेहरों पर फिर से उम्मीद की मुस्कान लौटा दी। पिछले दो सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण धान की रोपाई लगभग ठप पड़ गई थी और जिन किसानों ने पहले ही रोपाई कर दी थी, उनकी फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई थी। हल्की बारिश से खेतों में नमी लौटने लगी है, जिससे किसानों को राहत मिली है।
बारिश के साथ ही क्षेत्र में कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से भी लोगों को राहत मिली। दोपहर तक मौसम सुहावना बना रहा और ठंडी हवाओं ने लोगों को सुकून दिया। बाजारों और गांवों में भी मौसम बदलने से लोगों के चेहरे खिले नजर आए।
किसानों का कहना है कि यह बारिश राहत जरूर लेकर आई है, लेकिन धान की रोपाई और खरीफ फसलों के लिए अभी लगातार अच्छी बारिश की आवश्यकता है। यदि अगले कुछ दिनों तक पर्याप्त वर्षा नहीं हुई तो खेती पर फिर संकट गहरा सकता है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि मानसून अब रफ्तार पकड़ेगा और आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होगी, जिससे धान की रोपाई तेज होगी तथा खरीफ फसलों को नया जीवन मिलेगा। फिलहाल हल्की बारिश ने किसानों की चिंता कुछ कम कर दी है और उमस से परेशान लोगों को भी बड़ी राहत मिली है।