– पांच वर्ष से कम बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण पर रहेगा फोकस
– घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण और कुपोषण की पहचान करेगी टीम
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में दस्तक अभियान प्रथम चरण सह स्टॉप डायरिया कैम्पेन-2026 का शुभारंभ हो गया है। अभियान की शुरुआत शिवपुरी शहर के वार्ड क्रमांक-24 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र, महल सराय से की गई।अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में 33 कार्य दिवसों में विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी। एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संयुक्त रूप से घर-घर भ्रमण कर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। दस्त, कुपोषण एवं अन्य बीमारियों से प्रभावित बच्चों की पहचान कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास डी.एस. जौदोन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया सहित स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि यह अभियान 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों में दस्त, कुपोषण एवं अन्य बाल्यकालीन बीमारियों की समय पर पहचान कर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करना तथा शिशु एवं बाल मृत्यु दर में कमी लाना है।