T&CP और RERA की अनुमति के बिना हो रहा करोड़ों का कारोबार
प्रशासन सिर्फ नोटिस तक सीमित, कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शहर के ग्वालियर बायपास, दर्पण कॉलोनी, रेलवे स्टेशन रोड और नया ग्वालियर बायपास से गुना बायपास तक का क्षेत्र शिवपुरी के सबसे महंगे और वीआईपी इलाकों में गिने जाते हैं। लेकिन इन्हीं क्षेत्रों में इन दिनों बिना टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और बिना रेरा की अनुमति के अवैध कॉलोनाइजेशन का खेल धड़ल्ले से चल रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार इन क्षेत्रों में करोड़ों-अरबों रुपये का अवैध कारोबार हो रहा है। पटवारी स्तर पर इन अवैध कॉलोनियों की जानकारी होने के बावजूद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तक रिपोर्ट नहीं पहुंच रही है। इसी कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। नागरिकों का कहना है कि कलेक्टर को इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेकर जांच करानी चाहिए।
इन क्षेत्रों के रसूखदार कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई केवल कागजी नोटिस तक ही सीमित रह जाती है। जब जनाक्रोश बढ़ता है तो नोटिस जारी कर दिए जाते हैं, लेकिन बाद में फाइलें ठंडे बस्ते में डाल दी जाती हैं। नतीजतन नोटिस का कोई असर नहीं होता और अवैध निर्माण का काम पहले की तरह जारी रहता है।
राज्य सरकार की एंटी-माफिया मुहिम की बात हर जगह होती है, लेकिन शिवपुरी की इन आलीशान कॉलोनियों तक आते-आते वह दम तोड़ देती है। सवाल यह है कि क्या इन रसूखदार कॉलोनाइजरों पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा या फिर शिवपुरी में कानून भी रसूख देखकर काम करेगा। आमजन का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो शहर की योजना और अव्यवस्थित बसाहट की समस्या और गहरा जाएगी।