शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
रायसेन जिले की बेगमगंज तहसील के तुलसीपार गांव में पुरानी रंजिश ने शनिवार शाम खूनी रूप ले लिया। एक युवक ने कथित तौर पर तलवार से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4 बजे आरोपी अभिषेक अठ्या (22), नारायण यादव की दुकान पर पहुंचा और पिछले महीने दर्ज कराई गई रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने लगा। इस दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद अभिषेक अपने घर से तलवार लेकर लौटा और दुकान पर मौजूद सचिन यादव (28) पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अभिषेक गौर और छोटू कुशवाहा भी आरोपी के निशाने पर आ गए। तलवार के वार से तीनों घायल हो गए। सचिन यादव के चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज सागर रेफर किया गया। वहीं अभिषेक गौर के पैर और छोटू कुशवाहा की पीठ पर चोट लगने से उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपी अभिषेक अठ्या की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।