– नाली बनी पर सड़क नहीं, जलभराव से आवागमन प्रभावित
सैयद मसूद अली पटेल ग़ैरतगंज रायसेन
ज़िले के गैरतगंज नगर के वार्ड क्रमांक 3 बैलगाड़ी प्रोजेक्ट क्षेत्र से भीतरी कालोनी को जोड़ने वाले मार्ग पर सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से स्वीकृत होने के बावजूद शुरू नहीं हो सका है। इसका खामियाजा अब स्थानीय रहवासियों को बारिश में भुगतना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया और पूरे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में नाली निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनाई गई। सड़क के अभाव और असमतल मार्ग के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। कुछ दिन पहले हुई तेज बारिश में कई मकानों में पानी घुस गया था, जबकि गलियां और रास्ते पूरी तरह जलमग्न हो गए थे। स्थानीय निवासी गगन मिश्रा, मोहित ठाकुर सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण की स्वीकृति काफी पहले मिल चुकी है, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। बारिश के मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और जलभराव के कारण रोजमर्रा का आवागमन भी जोखिम भरा हो गया है। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि यदि शीघ्र सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो बारिश में जलभराव की समस्या और विकराल हो जाएगी तथा लोगों के घरों में फिर पानी घुसने की आशंका बनी रहेगी। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।