– राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
– पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल बोले जनता की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
– सड़क निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई
– सैयद मसूद अली पटेल ग़ैरतगंज रायसेन
रायसेन से राहतगढ़ तक निर्माणाधीन 81 किलोमीटर लंबी सड़क के कथित घटिया निर्माण, धीमी कार्यप्रगति एवं लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गैरतगंज के मुख्य बस स्टैंड पर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं जनसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान और क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए। सभा के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हर्षित चौधरी को सौंपकर सड़क निर्माण की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की।

धरना-सभा को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल ने कहा कि रायसेन-राहतगढ़ सड़क का निर्माण अत्यंत धीमी गति से किया जा रहा है तथा गुणवत्ता मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बन रही सड़क कई स्थानों पर निर्माण के दौरान ही उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण एजेंसी और निगरानी कर रही एमपीआरडीसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। जनता की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
राजकुमार पटेल ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल सड़क बनाना नहीं, बल्कि सुरक्षित और टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने मांग की कि निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए जाएं तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं होने तथा जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा करने के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सभा को डॉ. जी.सी. गौतम पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी, सांची विधानसभा, किसान कांग्रेस नेता धर्मवीर सिंह, प्रभात राज चावला, सुनील प्रकाश श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव राय, खेमचंद चौरसिया, अरशद अंसारी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कार्य में तेजी लाने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि रायसेन-राहतगढ़ सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार, संबंधित अधिकारियों एवं अन्य दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए।
ज्ञापन में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी रोजगार देने, घायलों का निःशुल्क उपचार तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। साथ ही भविष्य में सभी सड़क निर्माण कार्यों की नियमित, पारदर्शी एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल-सागर मुख्य मार्ग पर बैठ गए, जिससे सांकेतिक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया गया। पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे कार्यक्रम का शांतिपूर्ण ढंग से संचालन हुआ।
इस अवसर पर पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष लालाजी ठाकुर, वरिष्ठ नेता आनन्द पटेल, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष मेवाराम कुशवाहा,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विष्णु प्रसाद राय, सैयद शराफत अली, शाहिद अंसारी, देवेंद्र पटेल, मिर्जा एहतेशाम बेग, रेवाशंकर पटेल, मनोज पटेल, मदन चौधरी, शरीफ कुरैशी, राजकिशोर राजपूत, नेमीचंद सतोरिया, मुकेश ठाकुर, राजदीप जैन,पार्षद फ़ईम कुरैशी,शाहिद बिच्छू, राजेश ठाकुर जनपद सदस्य, राजेन्द्र ठाकुर, हसीब मंसूरी पार्षद, डगगा पहलवान,मोहन जाटव, बृजेश कुमार जाटव, मंजूर खान, आफताब अली, मकसूद खान, महेश श्रीवास्तव, साबिर मंसूरी, कामिल कुरेशी, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में किया गया।