भाड़ा वृद्धि और कमीशनखोरी के विरोध में मोटर मालिक संघ का गोदावरी पावर एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के सामने धरना
सुरेन्द्र जैन रायपुर
भाड़ा वृद्धि एवं कथित कमीशनखोरी के विरोध में स्थानीय मोटर मालिक संघ के बैनर तले गोदावरी पावर एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य द्वार के सामने मोटर मालिकों ने धरना-प्रदर्शन किया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, लेकिन अब तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई, डीजल की कीमतों और वाहन संचालन की लागत में लगातार हो रही वृद्धि के बावजूद वर्तमान भाड़ा दरें पर्याप्त नहीं हैं। उनका आरोप है कि कथित कमीशनखोरी के कारण मोटर मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से शीघ्र भाड़ा दरों में वृद्धि करने तथा कमीशनखोरी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
मोटर मालिक संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।
धरना-प्रदर्शन में संघ के अध्यक्ष लखविंदर सिंह, उपाध्यक्ष नासिर खान (बबलू), सचिव बलराम साहू, सह सचिव मनीष शुक्ला, अजय सिंह, पिंटू पाठक, संजय मिस्त्री, संतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में मोटर मालिक संघ के सदस्य एवं यूनियन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।