– टीआई डी.पी. लोहिया बोले किसी भी अनजान कॉल पर ओटीपी, बैंक विवरण या पासवर्ड साझा न करें
– एसआई तेजपाल सिंह बघेल ने कहा व्हाट्सएप पर आने वाली एपीके फाइलें डाउनलोड करने से बचें, साइबर ठगी की तुरंत करें शिकायत
सैयद मसूद अली पटेल ग़ैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील तहत ग्राम पंचायत गढ़ी में शनिवार को रायसेन पुलिस द्वारा व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, एपीके फाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी डी.पी. लोहिया ने अपने संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन आने पर ओटीपी, बैंक खाता नंबर, एटीएम कार्ड की जानकारी, सीवीवी, यूपीआई पिन या पासवर्ड किसी भी स्थिति में साझा नहीं करें। यदि मोबाइल पर किसी अज्ञात नंबर से लिंक, एपीके फाइल या लालच देने वाले संदेश प्राप्त हों तो उन्हें तुरंत नजरअंदाज करें और डाउनलोड करने से बचें।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने की बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा साइबर पोर्टल पर भी शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
चौकी प्रभारी तेजपाल सिंह बघेल ने ग्रामीणों को बताया कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आने वाली एपीके फाइलें मोबाइल की सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक हो सकती हैं। ऐसी फाइलें डाउनलोड करने से मोबाइल हैक हो सकता है और बैंक खाते से रकम निकल सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से सतर्क रहने और दूसरों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत गढ़ी के सरपंच सैयद मसूद अली पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद सदस्य प्रतिनिधि रिजवान खान, पूर्व जनपद सदस्य खेमचंद चौरसिया, समाजसेवी मोहन जाटव, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष रवि चौरसिया, सैयद वदूद, राहुल जाटव, राजकुमार चौरसिया, प्रकाश जाटव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।