सुभाष स्कूल में यत्र नार्यस्तु पूज्यंते नृत्य नाटिका की सफल प्रस्तुति संपन्न
भोपाल। नारी का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है । जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता भी निवास करते हैं। समाज में व्याप्त बेटा बेटी के विभेद का उन्मूलन करना आज महती आवश्यकता है।
ब्लेस वेलफेयर सोसाइटी एवं सुभाष एक्सीलेंस स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न नृत्य नाटिका यत्र नार्यस्तु पूज्यंते कार्यक्रम में आईपीएस अधिकारी श्रीमती रूचिवर्धन मिश्रा ने अपने अतिथि उद्बोधन में यह बात कही । उन्होंने कहा कि एक बेटा के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है वही एक बेटी के शिक्षित होने से पूरी पीढ़ी शिक्षित होती है। नृत्य नाटिका के प्रतिभागी बालक बालिकाओं को कला के माध्यम से उन्होंने प्रोत्साहित किया। वरिष्ठ रंगकर्मी और अभिनेता बालेंद्र सिंह ने अभिनय कर रहे प्रतिभागियों को नारी के सम्मान और आदर भाव को जीवन में आचरण में लाने की शिक्षा दी। उन्होंने कहा कि 15 दिन की इस नाटक कार्यशाला में रंगकर्म की विधा से जो कुछ भी सीखा है, वे इस कला को भविष्य में निखारने का प्रयास करें ।

वरिष्ठ साहित्यकार और लेखक श्रीराम माहेश्वरी ने प्रतिभागियों के अभिनय को गहन साधना का अंश बताया। नारी सम्मान विषय पर अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अब लोगों की धारणा बदल रही है, इसके बावजूद सामाजिक बदलाव के लिए सकारात्मक प्रयासों की आवश्यकता है।
सुभाष एक्सीलेंस स्कूल के प्राचार्य सुधाकर पाराशर ने नृत्य नाटिका के प्रतिभागी बच्चों को सीखी बातों को आचरण में लाने तथा माता-पिता बड़ों के प्रति आदर भाव रखने की सीख दी। सभी छात्र-छात्राओं को उन्होंने परिवार, समाज और देश के प्रति नागरिक कर्तव्य का बोध कराया।
आरंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया । मान्या पिंजानीने संचालन किया। ब्लेस वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक एवं कोरियोग्राफर योगेंद्र सिंह राजपूत ने बीज वक्तव्य देते हुए संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। संस्था की स्थापना 2015 में हुई। तब से नियमित रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं। संस्था की यह 21 वीं कार्यशाला है, जो 15 से 30 मई 2026 तक आयोजित हुई है। लोकनृत्य, लोक संगीत, नृत्य नाटिका, बैले तथा रंगमंच के माध्यम से समाज में व्याप्त रूढ़िवादिता उन्मूलन के प्रति जन जागरूकता लाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उभरती प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उन्हें कला और अभिनय के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के कार्यों में संस्था निरंतर प्रयासरत है ।
कार्यक्रम में कुंती सिंह राजपूत, शैलेंद्र हजारी, रिचा हजारी, स्कूल के स्टाफ सहयोगी, अभिभावकों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।