मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत जमुनिया खेजड़ा स्थित वेलस्पन कंपनी परिसर में रविवार को विदिशा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 महीनों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में कंपनी की सुरक्षा टीम ने भी अहम भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी जितेंद्र यादव उम्र 25 वर्ष ट्राला लेकर कंपनी में लोडिंग के लिए आया हुआ था। इसी दौरान विदिशा पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंपनी के सुरक्षा स्टाफ के सहयोग से घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी एक एक्सीडेंट केस में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में विदिशा पुलिस कई महीनों से लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस को सफलता तब मिली जब आरोपी वेलस्पन कंपनी में काम के सिलसिले में पहुंचा।
सुरक्षा टीम की सतर्कता आई काम
आरोपी को पकड़ने में कंपनी के सुरक्षा स्टाफ का विशेष योगदान रहा, जिनमें सहायक सुरक्षा अधिकारी अभिषेक लोबांसी सुपरवाइजर विजेंद्र लोधी वीरेंद्र परमार,ओम प्रकाश शामिल रहे। सभी ने मिलकर पुलिस की कार्रवाई को सफल बनाने में सहयोग किया।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही कंपनी की सुरक्षा टीम की सतर्कता और सहयोग की सराहना भी की है।लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।