शारदीय नवरात्र शुरू होते ही सजे पूजा पंडाल, अंबाड़ी और सेमरा में नौ दिन तक होगा रामलीला का मंचन
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को दीवानगंज क्षेत्र में आस्था और भक्ति का उल्लास छा गया। दीवानगंज, अंबाड़ी, सेमरा सहित आसपास के गांवों में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विधि-विधान से स्थापना की गई। ढोल-नगाड़ों, डीजे, आतिशबाजी और माता के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मां जगदंबे का स्वागत किया। वहीं, अंबाड़ी और दीवानगंज रेलवे स्टेशन क्षेत्र के सेमरा में रामलीला का मंचन भी शुरू हुआ, जिसे देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
ढोल-नगाड़ों के साथ पंडालों तक पहुंचीं प्रतिमाएं
रविवार सुबह से ही दीवानगंज के भवानी चौक स्थित राम-जानकी मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर, पुराने गुरुद्वारा मंदिर, ग्वाल चमेली, अंबाड़ी और सेमरा सहित विभिन्न स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां शुरू हो गई थीं। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर माता के जयकारे लगाते हुए प्रतिमाओं को पूजा पंडालों तक लेकर पहुंचे। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां दुर्गा की स्थापना की गई। देर रात तक पंडालों में धार्मिक अनुष्ठान और दर्शन का सिलसिला चलता रहा।
मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही क्षेत्र के मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने खेड़ापति हनुमान मंदिर पर मां दुर्गा को जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। जगह-जगह सजे पंडालों, धार्मिक आयोजनों और गूंजते जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
अंबाड़ी और सेमरा में रामलीला का मंचन शुरू
नवरात्र के अवसर पर ग्राम अंबाड़ी और दीवानगंज रेलवे स्टेशन क्षेत्र के सेमरा में रामलीला का मंचन शुरू किया गया। दोनों स्थानों पर नौ दिनों तक रामलीला का आयोजन होगा। पहले दिन मंचन देखने के लिए आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। देर रात तक चले मंचन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद लिया। नवरात्र के साथ दुर्गा पूजा और रामलीला के आयोजनों से क्षेत्र में धार्मिक उत्सव का माहौल बन गया है।