सी के पारे रायसेन
पवित्र माह रमजान के 30 रोज़े पूरे होने के बाद आज रायसेन में ईद का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सांची मार्ग स्थित ईदगाह पर सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां सभी ने एक साथ ईद की विशेष नमाज अदा की।
सुबह करीब 7:30 बजे मुफ्ती सलमान साहब ने नमाज अदा कराई, जिसके बाद 7:40 बजे देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए हजारों हाथ दुआ के लिए उठे। इस मौके पर छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला, पूरा माहौल भाईचारे और एकता के रंग में रंगा नजर आया।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया।

शहर काजी श्री जहीरूद्दीन ने दरगाह शरीफ पर भी इबादत कर जिले में शांति और भाईचारे की कामना की। उन्होंने कहा कि रायसेन में सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं, जो यहां की पहचान है।
मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष इलियास खान ने बताया कि ईद खुशियों का पर्व है, जिसमें खासकर बच्चों में अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। बाजारों और गलियों में रौनक रही और हर तरफ खुशियों का माहौल बना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खुरपुसे, एसडीएम मनीष शर्मा, एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, नगर पालिका सीएमओ सुरेखा, थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
रायसेन में इस बार की ईद ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यहां की गंगा-जमुनी तहजीब आज भी जीवित है और लोग मिलकर हर त्योहार को प्रेम और सद्भाव के साथ मनाते हैं।