– एनसीसी ग्रुप ग्वालियर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर ने बटालियन का निरीक्षण किया
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
35 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी शिवपुरी का निरीक्षण हुआ। एनसीसी ग्रुप ग्वालियर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अनिल जैथलिया ने बटालियन का निरीक्षण किया। कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर जैथलिया ने विभिन्न स्तरों पर उपलब्धियां हासिल करने वाले कैडेट्स से मुलाकात की। उन्होंने कैडेट्स से उनकी उपलब्धियों और उन्हें पाने में आई कठिनाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। आरडीसी कैंप, टीएससी कैंप और फायरिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले कैडेट्स ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने सुधार के सुझाव भी दिए। इसके बाद ब्रिगेडियर जैथलिया फायरिंग रेंज पहुंचे। वहां उन्होंने कैडेट्स को फायरिंग करते देखा। उन्होंने सभी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी व्यक्तित्व निर्माण के कई अवसर देती है। सभी कैडेट्स को चाहिए कि वे इन अवसरों का पूरा लाभ लें और खुद को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करें। बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल विजयवीर सिंह दहिया ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बटालियन की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने ऑफिस, स्टोर आदि का निरीक्षण भी कराया।
कार्यक्रम का संचालन कैप्टन गुलाब सिंह जाटव ने किया। बंदोबस्ती की कार्यवाही सूबेदार मेजर अमरजीत मलिक और पीआई स्टाफ ने पूरी की। अंत में ब्रिगेडियर जैथलिया हैप्पी डेज और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय एसएमएस पीजी महाविद्यालय शिवपुरी की एनसीसी इकाइयों के निरीक्षण के लिए रवाना हुए। उन्होंने 35 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी शिवपुरी की गतिविधियों पर संतोष जताया।