संकल्प से समाधान अभियान के तहत घर-घर जाकर लिए जा रहे आवेदन, पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं तथा लक्ष्य आधारित योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से “संकल्प से समाधान अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शासन द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार नगर परिषद गैरतगंज द्वारा 12 जनवरी से नगर के समस्त वार्डों में घर-घर जाकर आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी वार्डवार भ्रमण कर पात्र हितग्राहियों से विभिन्न योजनाओं के आवेदन ले रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक शासन की योजनाओं से वंचित न रह जाए।
इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। साथ ही पात्रता की जांच कर नागरिकों को आवश्यक जानकारी भी दी जा रही है। नगर परिषद सीएमओ सुधीर उपाध्याय ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। घर-घर जाकर आवेदन लेने से बुजुर्गों, महिलाओं एवं जरूरतमंद वर्ग को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान त्वरित रूप से किया जा सकेगा। नगर परिषद ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें, आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें तथा अपने वार्ड में आने वाली टीम को सही जानकारी प्रदान करें, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। संकल्प से समाधान अभियान के माध्यम से नगर में विकास एवं जनकल्याण को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।