Let’s travel together.

मौनिया नृत्य: लोक परंपरा में झलकती आस्था और गौ-सेवा की भावना

0 315

मौन धारण कर मंदिरों में पूजन और नृत्य: जीव रक्षा और गौधन संरक्षण का संदेश

धीरज जॉनसन, दमोह

दमोह जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में इन दिनों लोक संस्कृति की अनोखी छटा बिखरी हुई है। दीपावली के दूसरे दिन से शुरू हुआ मौनिया नृत्य आज भी परंपरा और आस्था के साथ जीवित है। ग्रामीण क्षेत्रों में वेशभूषा, लाठी और मोरपंख से सजे युवक टोली बनाकर मौन धारण करते हुए गांव-गांव जा रहे हैं। ये टोलियां मंदिरों में दर्शन कर नृत्य प्रस्तुत करती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बन गया है।

ग्राम सतपारा निवासी भूपेंद्र विश्वकर्मा बताते हैं कि इस क्षेत्र में भी यह धार्मिक परंपरा जीवित है। मौनिया टोली ग्राम सतपारा, मिर्जापुर, सूखा, टीला, बंसौली, खिरिया, जगथर, बोतराई, नेंगवा, कठारा और रमगढ़ा से होते हुए ग्राम गौरैया पहुंचेगी। जहां-जहां यह टोली जाती है, ग्रामीण जन उनका स्वागत करते हैं। मौनिया दल पूरे दिन मौन रहते हैं, मंदिरों में माथा टेकते हैं, प्यास लगने पर पशुओं की तरह पानी पीते हैं और लकड़ी के सहारे बैठते हैं ताकि वे पशु पीड़ा का अनुभव कर सकें।

दमोह निवासी पवन यादव बताते हैं कि मौनिया नृत्य गौधन संरक्षण, संवर्धन और रक्षा का प्रतीक है। यह परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। प्रातःकाल व्रत धारण कर गुरु कान में मंत्र देता है, फिर गाय के नीचे से निकलकर मोरपंख और बोबई का पौधा लेकर टोली गांव-गांव भ्रमण करती है। रास्ते में गोपाल बाबा, कारसदेव, कमली बाबा जैसे स्थानों पर पूजन कर माथा टेकती है। दिनभर नृत्य और पूजा के बाद शाम को पुनः गाय के नीचे से निकलकर व्रत का समापन किया जाता है।

मौन धारण करने का उद्देश्य जप और आत्मसंयम के माध्यम से जीव रक्षा का संदेश देना है। यह लोक परंपरा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि प्रकृति और पशुधन के प्रति कृतज्ञता और संवेदनशीलता का भाव भी जगाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर टक्कर मारने वाले आरोपी को 2 वर्ष की सजा व एक हजार रूपये का जुर्माना     |     सगठन व सेवा के 100 वर्ष पूर्ण होने पर विशाल हिंदू सम्मेलन जुलूस के साथ संपन्न     |     29 वी मां माही पंचकोशी पदयात्रा प्रारम्भ     |     गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार बाबा बुड्ढा साहिब जी  में हुआ विशाल लंगर     |     कायाकल्प अभियान के तहत दल ने अस्पतालों का किया निरीक्षण      |     संकल्प से समाधान अभियान के तहत शिविर आयोजित     |     सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित विपिन बिहारी जी महाराज की कथा को लेकर कथा आयोजन समिति के सदस्यों एवं अधिकारियों के साथ बैठक      |     श्रीहिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित, 10 फरवरी को होगा अध्यक्ष पद का चुनाव     |     चंद्रगिरी में आचार्यश्री विद्यासागर जी के सपनो का भारत     |     लगातार चाकू बाजी के विरोध में मुजगहन थाने का कांग्रेसजनों द्वारा घेराव      |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811