सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर में भारतीय स्टेट बैंक के ज़्यादातर एटीएम पिछले कई दिनों से बंद पड़े हैं, जिससे बैंक के ग्राहकों को पैसे निकालने में भारी दिक्कत हो रही है। एटीएम पर ताले लटके हुए हैं और इसकी वजह भी नहीं बताई गई है।
बैंक में जमा अपने पैसे निकालने के लिए एसबीआई के ग्राहक इन दिनों बहुत परेशान हैं, क्योंकि शहर में लगे अधिकतर एटीएम काम नहीं कर रहे हैं। इन एटीएम की मॉनिटरिंग का काम एक निजी कंपनी के पास है। पहले तो इनकी हालत खराब हुई और अब ये पूरी तरह से बंद हो गए हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि एटीएम पर कोई नोटिस नहीं लगाया गया है कि ये क्यों बंद हैं और इन्हें कब खोला जाएगा। जब ग्राहक इस बारे में बैंक शाखा के अधिकारियों से पूछते हैं, तो उन्हें भी कोई सही जवाब नहीं मिलता। अधिकारियों का कहना है कि एटीएम की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी के हाथ में है। यह हैरानी की बात है कि भारतीय स्टेट बैंक जैसे राष्ट्रीय बैंक के एटीएम की ऐसी हालत है। जबकि बैंक हर उपभोक्ता से एटीएम की सुविधा देने के नाम पर शुल्क लेता है, लेकिन सुविधा के नाम पर स्थिति बेहद खराब है।