भाजपा संगठन की धार तेज़ करने जुटे श्री राकेश शर्मा
-जिला कार्यसमिति गठन, मन की बात की तैयारी और सहयोग निधि पर हुई विस्तृत चर्चा
-सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगा कार्यसमिति में स्थान, निष्क्रियों को दी गई हिदायत
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, रायसेन में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कामकाजी बैठक आयोजित की गई, जिसमें आजीवन सहयोग निधि, ‘मन की बात’ कार्यक्रम की तैयारियों और जिला कार्यसमिति के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूती देने के लिए आत्मनिरीक्षण, निष्ठा और सक्रियता को आवश्यक बताया।

बैठक का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा, जिला संगठन प्रभारी श्री सुधीर अग्रवाल, समर्पण निधि प्रभारी श्री राजेंद्र अग्रवाल और जिला महामंत्री श्री रविंद्र विजयवर्गीय ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके उपरांत श्री राजेंद्र अग्रवाल ने आजीवन सहयोग निधि के महत्व और कार्ययोजना पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार हर बूथ पर 100% ‘मन की बात’ की तैयारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि कार्य समयसीमा में पूर्ण करें, और जो कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर पूरी निष्ठा और ऊर्जा से कार्य कर रहे हैं, उन्हें ही जिला कार्यकारिणी में स्थान मिलेगा। जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा ने स्पष्ट संकेत दिया कि भाजपा संगठन अब निष्क्रियता के बजाय परिणाम आधारित सक्रियता को प्राथमिकता देगा और आगामी कार्यसमिति में वही कार्यकर्ता स्थान पाएंगे जो संगठन के मूल्यों पर खरे उतरते हैं।

इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी श्री सुधीर अग्रवाल ने दो टूक शब्दों में कहा, “मंडल अध्यक्ष पद कोई स्थायी पद नहीं है। यदि कोई कार्य नहीं कर रहा तो विनम्रता से पद त्याग दे। संगठन को समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है।

इस दौरान संगठन प्रभारी श्री सुधीर अग्रवाल ने कहा कि हमें संगठन में महिलाओं को भी उचित स्थान देना है, लेकिन यह भी ध्यान देने योग्य है कि जिले की टीम में पूर्व में महिला जिला पदाधिकारियों ने अपेक्षित सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य नहीं किया। वहीं, जिन्होंने संगठन के कार्यों को पूरी निष्ठा और मनोयोग से निभाया है, मैं उन सभी पदाधिकारियों का धन्यवाद करता हूँ।
बैठक में जिले के समस्त मंडल अध्यक्षों सहित जिला पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का सफल संचालन जिला उपाध्यक्ष श्री राकेश तोमर ने किया।
न्यूज सोर्स – हरि साहू जिला मीडिया प्रभारी
रायसेन