6 सूत्रीय मांगों को शीघ्र पूरा करने प्रदेश भर में चलाया गया पोस्टकार्ड अभियान
मनोज द्विवेदी अनूपपुर
मध्यप्रदेश के ऊर्जावान लोकप्रिय मुख्यमंत्री डा मोहन यादव को मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पत्रकारों ने जनपद स्तर पर बैठकें करके चिट्ठी लिखी है। प्रांताध्यक्ष श्री शलभ भदौरिया के मार्गदर्शन मे अनूपपुर , अमरकंटक, राजेन्द्रग्राम, कोतमा, जैतहरी, बिजुरी, राजनगर सहित जिले के अन्य स्थानों पर निवासरत श्रमजीवी पत्रकारों ने मुख्यमंत्री डा यादव के नाम पोस्टकार्ड लिख कर 6 सूत्रीय मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की है।

मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में ब्लाक ,जिला, संभाग, प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ,सदस्यों ने पोस्टकार्ड लिख कर मुख्यमंत्री
डॉ मोहन यादव ,मध्यप्रदेश शासन भोपाल मप्र का ध्यानाकर्षण करते हुए कहा है कि आदरणीय डॉक्टर साहब हम
आपको स्मरण करा दें कि विगत 26 मार्च 2025 को मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के मुरैना महाधिवेशन मे प्रदेश के पत्रकारों के कल्याणार्थ एक 6 सूत्रीय ज्ञापन दिया गया था। जिसका आपने मंच से वाचन करते हुए आपने शीघ्र हो निराकरण का आश्वासन दिया था। लेकिन आज 3 माह के बाद भी हम शून्य हैँ।

आपको स्मरण कराने हेतु अपने 6 सूत्रीय मांगों को इस पोस्ट कार्ड मे लिख रहे हैं —
1 — पत्रकार सुरक्षा क़ानून लागू करें.
2 — मालवीयनगर स्थित पत्रकार भवन जिसे दुर्भावना वश कमलनाथ सरकार ने ध्वस्त कर दिया था, हमें वापस दिया जाय.
3 — श्रद्धा निधि के नियमों से अधिमान्यता कि शर्त हटा दी जाय और उसे जीवन पर्यंत जारी रखा जाय.
4– सभी जिलों मे पत्रकार भवन हेतु निशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाय.
5 — टोल टेक्स मे रियायत के लिए हमारे सदस्यता कार्ड को मान्यता दी जाय.
6 — पत्रकार बीमा योजना को उत्तर प्रदेश सरकार कि तरह निशुल्क योजना की तरह लागू की जाय एवं आयुष्मान योजना मे सभी पत्रकारों को शामिल किया जाए।
मुख्यमंत्री डा यादव से अपील की गयी है कि पत्रकारों के हितों को ध्यान मे रखते हुए पत्रकारों के 6 सूत्रीय मांगों को पूरा करने के अपने वचन को आप अवश्य पूर्ण करेंगे।
जिला मुख्यालय मे इस अवसर पर पत्र लिखने वाले पत्रकारों में मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मनोज द्विवेदी, संरक्षक श्री अरविन्द बियाणी,श्री शशिधर अग्रवाल ,शहडोल संभागाध्यक्ष श्री अजीत मिश्रा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष श्री दुर्गा शुक्ला, महामंत्री श्री दीपक सिंह, श्री राजन कुमार, श्री संतोष झा, श्री आकश नामदेव,श्री हिमांशू बियाणी, श्री आदित्य सिंह के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।